
Gold and Silver Price MCX Updates: वायदा बाजार में आज कीमती धातुओं के भाव में भारी गिरावट देखने को मिली। सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई। चांदी की कीमत एक बार फिर ₹2,40,000 की मनोवैज्ञानिक सीमा से नीचे फिसल गई है। इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर युद्ध भड़कने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिसे बाजार में इस गिरावट की संभावित वजह माना जा रहा है।
सोने के भाव में तेज गिरावट
MCX वायदा बाजार में सोने की कीमत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना अपने पिछले बंद भाव ₹1,56,281 के मुकाबले आज ₹1,55,000 के स्तर पर गैप-डाउन खुला।
कारोबार के दौरान सोने में ₹2,641 तक की गिरावट दर्ज की गई और यह गिरकर ₹1,53,640 के निचले स्तर तक पहुंच गया। कीमती धातु में अचानक आई इस बिकवाली से निवेशकों की चिंता बढ़ गई।
चांदी फिर ₹2.40 लाख के नीचे
दूसरी ओर, चांदी में भी जोरदार बिकवाली देखने को मिली। चांदी का पिछला बंद भाव ₹2,42,444 था, जबकि आज यह ₹2,40,011 के स्तर पर खुली।
दिन के कारोबार में चांदी की कीमत में ₹3,665 तक की गिरावट आई और यह गिरकर ₹2,38,809 के निचले स्तर तक पहुंच गई। चांदी के दोबारा ₹2,40,000 की अहम मनोवैज्ञानिक सीमा के नीचे जाने से बाजार में घबराहट का माहौल बना है।
कच्चे तेल की तेजी का भी असर
अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा बढ़े सैन्य तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। वैश्विक बाजार में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर निवेशकों के सेंटीमेंट पर भी पड़ रहा है। इसी बीच सोने और चांदी में मुनाफावसूली तथा बिकवाली का दबाव देखने को मिला है।



