कॉकरोच-मक्खियों का प्रकोप, जमीन पर रखा जा रहा था खाना… मुंबई में McDonald’s समेत 13 फूड आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड

Mumbai Food Safety Action: मुंबई में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कोलाबा के McDonald’s आउटलेट समेत दक्षिण मुंबई के Bombay Presidency Radio Club, नरीमन पॉइंट के Status Restaurant और मलाड के Novara Restaurant सहित कई फूड आउटलेट्स की रसोई में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां पाए जाने के बाद उनके फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

जांच के दौरान रसोई में मक्खियों और कॉकरोच का प्रकोप, छत से गिरता प्लास्टर, जमीन पर सीधे रखा भोजन, कचरा, धूल से भरे फिक्स्चर और साफ-सफाई में लापरवाही जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

खाद्य सुरक्षा में 47 फीसदी नियमों का उल्लंघन

19 अगस्त को दक्षिण मुंबई के Radio Club में हुई जांच में खाद्य सुरक्षा से जुड़े करीब 47 फीसदी मानकों का उल्लंघन पाया गया। किचन में जिंदा मक्खियां और मृत कॉकरोच मिले। इसके अलावा छत का प्लास्टर टूटकर गिर रहा था।

खाद्य पदार्थों के पास केमिकल और वॉशिंग पाउडर रखा गया था। भोजन सीधे जमीन पर रखा मिला और फ्रिज भी गंदे पाए गए। भोजन का अनुचित तरीके से निपटारा, स्टोव के पास कूड़ेदान और कीड़ों के प्रवेश के लिए अनुकूल छेद जैसी कमियां भी सामने आईं। इसके बाद फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

कॉकरोच-मक्खियां, जमीन पर खाना और गंदे कपड़ों में कर्मचारी

कोलाबा के Metro House स्थित McDonald’s आउटलेट की जांच में फ्रिजर का कैलिब्रेशन नहीं किया गया था। वहां कॉकरोच, पेस्ट कंट्रोल की कमी, सड़ता कचरा और कर्मचारियों के गंदे कपड़े एवं जूते जैसी खामियां मिलीं।

लाइटिंग और अन्य फिक्स्चर पर धूल व जाले भी पाए गए। भोजन परोसने से पहले कर्मचारियों द्वारा पर्याप्त स्वच्छता नहीं बरती जा रही थी। जांच के दौरान ग्राहकों को Go Cheese Sauce नाम का एनालॉग पनीर और चीज दिए जाने की बात भी सामने आई।

साफ बर्तनों पर ही कर्मचारी धो रहा था हाथ-मुंह

नरीमन पॉइंट के Status Restaurant में एक कर्मचारी साफ बर्तनों के ऊपर ही हाथ-मुंह धोता हुआ पाया गया। जांच में गंदे और जंग लगे बर्तन भी मिले।

इसके अलावा कच्चे और पके हुए भोजन तथा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखने जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। मलाड के Novara Restaurant में कुल 14 गंभीर कमियां पाई गईं।

Status Restaurant के खिलाफ ग्राहक की ओर से गंदगी की शिकायत मिलने के बाद FDA की टीम ने जांच की थी।

89 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच

FDA की ओर से पिछले दो दिनों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 89 होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच की गई। इनमें से 71 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 13 के फूड लाइसेंस निलंबित किए गए।

खार जिमखाना के किचन, सांताक्रूज के बजरंग स्वीट मार्ट और अंधेरी की ASM Hospitality समेत नागपुर, नासिक, अमरावती, छत्रपति संभाजीनगर और परभणी के कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई।

McDonald’s India ने दी सफाई

McDonald’s India ने देशभर के अपने रेस्टोरेंट्स में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता के कड़े मानकों का पालन करने की बात कही है। कंपनी ने कहा कि वह हालिया सरकारी रिपोर्ट की समीक्षा कर रही है और नियामकीय प्रक्रियाओं का सम्मान करती है।

कंपनी ने खाद्य सुरक्षा को लेकर अपनी जीरो-टॉलरेंस नीति का भी उल्लेख किया और ग्राहकों को वास्तविक उत्पादन प्रक्रिया देखने के लिए अपने किचन का निरीक्षण करने का खुला निमंत्रण दिया।