
Sabarkantha News: साबरकांठा जिले के ईडर में सप्तेश्वर के पास से गुजर रही साबरमती नदी में दशामां की मूर्ति विसर्जित करने आए मेहसाणा के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। धार्मिक आयोजन के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मूर्ति विसर्जन के बाद नहाने उतरे थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार, दशामां व्रत के विसर्जन के लिए मेहसाणा से चार युवकों का समूह सप्तेश्वर पहुंचा था। श्रद्धापूर्वक मूर्ति विसर्जित करने के बाद चारों युवक साबरमती नदी में नहाने के लिए उतरे।
इसी दौरान पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दो युवक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही नदी किनारे मौजूद स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद ईडर, हिम्मतनगर और विजापुर से फायर ब्रिगेड की टीमें बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। जवानों ने कई घंटों तक साबरमती नदी के गहरे पानी में तलाशी अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बाहर निकाले।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय नवदीप रावत और 18 वर्षीय राजवीर ठाकोर के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही जादर पुलिस थाने का काफिला भी सप्तेश्वर नदी किनारे पहुंचा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हेतु नजदीकी सरकारी अस्पताल भेज दिया।
दो युवा बेटों की अचानक मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। धार्मिक उत्सव के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



