वेनेजुएला के 65 अरब बैरल तेल पर अमेरिका का नियंत्रण? ट्रंप बोले- हमने की इतिहास की सबसे बड़ी ऑयल डील

Donald Trump Announcement on Venezuela Oil Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बड़ा दावा करते हुए कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला के साथ अब तक की सबसे बड़ी तेल डील की है। ट्रंप के मुताबिक, इस ऐतिहासिक समझौते के बाद वेनेजुएला के करीब 65 अरब बैरल तेल भंडार पर अमेरिका का नियंत्रण होगा। ट्रंप ने इसे दुनिया के इतिहास की सबसे बड़ी ऑयल डील बताया।

शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत के बाद समझौता

ट्रंप के अनुसार, यह समझौता अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के बीच हुई लंबी बातचीत के बाद संभव हुआ।

हालांकि, इस समझौते की शर्तों और वेनेजुएला के तेल भंडार पर अमेरिकी नियंत्रण के दावे को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने आना बाकी है।

मदुरो की गिरफ्तारी के बाद बदला समीकरण

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका और वेनेजुएला के संबंधों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन पर नार्को-टेररिज्म और ड्रग तस्करी से जुड़े गंभीर अमेरिकी संघीय आरोप लगाए गए थे।

मादुरो के सत्ता से हटने के बाद ट्रंप ने अमेरिकी तेल कंपनियों को वेनेजुएला में दोबारा काम करने और वहां मौजूद विशाल तेल भंडार का इस्तेमाल करने की बात कही थी।

ट्रंप लंबे समय से यह आरोप लगाते रहे हैं कि पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज़ के शासनकाल में वेनेजुएला ने विदेशी संपत्तियों का राष्ट्रीयकरण किया था, जिसमें अमेरिकी तेल कंपनियों की संपत्तियां भी शामिल थीं।

अमेरिका में तेल संकट ने बढ़ाया दबाव

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में जारी तनाव के बीच अमेरिका में भी ईंधन की कीमतों को लेकर दबाव बढ़ा है। तेल आपूर्ति में व्यवधान और भू-राजनीतिक तनाव के कारण पेट्रोलियम बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।

ऐसे माहौल में वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार तक अमेरिकी कंपनियों की पहुंच को ट्रंप प्रशासन के लिए रणनीतिक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार

वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा प्रमाणित कच्चे तेल का भंडार है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देश में करीब 303 अरब बैरल का तेल भंडार मौजूद है, जो वैश्विक तेल भंडार का लगभग 17 प्रतिशत है।

हालांकि, विशाल भंडार होने के बावजूद वेनेजुएला का वास्तविक तेल उत्पादन काफी कम है। पुराने बुनियादी ढांचे, निवेश की कमी, तकनीकी चुनौतियों और आर्थिक संकट के कारण देश अपनी संभावित उत्पादन क्षमता का पूरा इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है।

यदि अमेरिका और वेनेजुएला के बीच प्रस्तावित तेल समझौता वास्तव में बड़े पैमाने पर लागू होता है, तो इसका असर केवल दोनों देशों की अर्थव्यवस्था पर ही नहीं बल्कि वैश्विक तेल बाजार, कच्चे तेल की कीमतों और ऊर्जा भू-राजनीति पर भी पड़ सकता है।