
Udaipur-Asarwa Vande Bharat Extended to Surat: गुजरात और राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे बोर्ड ने बड़ा फैसला लिया है। अब तक अहमदाबाद के असारवा और उदयपुर सिटी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार सूरत तक किया जाएगा। इससे दक्षिण गुजरात के यात्रियों को उदयपुर, श्रीनाथद्वारा और राजस्थान के अन्य पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए सीधी सेमी-हाईस्पीड ट्रेन की सुविधा मिलेगी।
इस फैसले से खास तौर पर सूरत, भरूच, वडोदरा और आनंद के यात्रियों को फायदा होगा। कारोबारियों के साथ-साथ राजस्थान घूमने जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी यह कनेक्टिविटी काफी अहम मानी जा रही है।
मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे बोर्ड की योजना के मुताबिक सूरत-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी 6 दिन संचालित होगी। ट्रेन को इस तरह शेड्यूल किया गया है कि यात्री सुबह सूरत से रवाना होकर दोपहर में उदयपुर पहुंच सकें।
सूरत से उदयपुर की टाइमिंग
वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6:10 बजे सूरत से रवाना होगी और करीब दोपहर 1:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
उदयपुर से सूरत की टाइमिंग
वापसी में ट्रेन दोपहर 3:35 बजे उदयपुर सिटी से रवाना होगी और रात 11:00 बजे सूरत पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
सूरत से उदयपुर के बीच ट्रेन के प्रमुख स्टॉपेज इस प्रकार रहेंगे:
- सूरत: 06:10 बजे प्रस्थान
- भरूच: 06:51–06:53 बजे
- वडोदरा: 07:40–07:45 बजे
- आनंद: 08:11–08:13 बजे
- मणिनगर: 08:41–08:43 बजे
- असारवा: 09:25–09:30 बजे
- हिम्मतनगर: 10:38–10:40 बजे
- शामलाजी रोड: 11:08–11:10 बजे
- डूंगरपुर: 11:42–11:44 बजे
- जावर: 12:45–12:47 बजे
- उदयपुर सिटी: 01:40 बजे आगमन
वापसी में ट्रेन उदयपुर सिटी से दोपहर 3:35 बजे रवाना होकर इन्हीं प्रमुख स्टेशनों से होते हुए रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी।
हजारों यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
सूरत और दक्षिण गुजरात से बड़ी संख्या में लोग राजस्थान के उदयपुर और श्रीनाथद्वारा की यात्रा करते हैं। अभी इन यात्रियों को अहमदाबाद या अन्य स्टेशनों के जरिए यात्रा करनी पड़ती है। ट्रेन के सूरत तक विस्तार के बाद उन्हें सीधे अपने शहर से वंदे भारत की सुविधा मिल सकेगी।
हालांकि, नए रूट पर ट्रेन का संचालन किस तारीख से शुरू होगा, इसकी अंतिम आधिकारिक घोषणा अभी पश्चिम रेलवे की ओर से की जानी बाकी है। फिलहाल रेलवे बोर्ड की ओर से सूरत तक विस्तार को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आई है।



