
US Flight Disruption: संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए दुनियाभर के नेता न्यूयॉर्क पहुंच रहे हैं, इसी बीच अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में बड़ी तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और हजारों उड़ानों में देरी हुई। न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी, लागार्डिया और नेवार्क, साथ ही फिलाडेल्फिया के हवाई अड्डे भी प्रभावित हुए।
कई घंटों की मशक्कत के बाद तकनीकी समस्या को ठीक किया गया, जिसके बाद मंगलवार को उड़ान सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो सकीं।
सर्किट फेल होने के बाद बैकअप फाइबर लाइन भी कटी
अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, सोमवार सुबह फिलाडेल्फिया के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में एक सर्किट फेल हो गया था। इसके बाद पता चला कि न्यू जर्सी में निर्माण कार्य के दौरान न्यू ब्रंसविक और नेवार्क के बीच मौजूद बैकअप फाइबर-ऑप्टिक लाइन भी कट गई थी।
दोनों संचार मार्गों में आई समस्या के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और कई उड़ानों को रोकना या रद्द करना पड़ा।
न्यूयॉर्क और फिलाडेल्फिया की उड़ानें प्रभावित
फिलाडेल्फिया में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर की समस्या का असर फिलाडेल्फिया के अलावा न्यूयॉर्क शहर और आसपास के कई हवाई अड्डों पर पड़ा। यहां से उड़ान भरने और यहां आने वाली कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा या उनमें देरी हुई।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने पहुंचे कई विदेशी प्रतिनिधियों और अन्य यात्रियों को भी इस व्यवधान का सामना करना पड़ा। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भी सोमवार को एक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
नेवार्क में 600 से ज्यादा उड़ानों पर असर
अमेरिका के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में स्थित नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 600 से अधिक उड़ानों समेत बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। न्यूयॉर्क के प्रमुख हवाई अड्डों पर भी इसका असर देखा गया।
फ्लाइटवेयर के आंकड़ों के अनुसार, फिलाडेल्फिया में 200 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं। मंगलवार को नेवार्क एयरपोर्ट पर भी 60 उड़ानें रद्द हुईं और करीब 40 उड़ानों में देरी दर्ज की गई। लागार्डिया और जॉन एफ. कैनेडी एयरपोर्ट भी प्रभावित रहे।
मंगलवार को धीरे-धीरे सामान्य हुई उड़ान सेवा
सोमवार को पूरे दिन उड़ान कार्यक्रम प्रभावित रहने के बाद मंगलवार को सेवाएं दोबारा शुरू हो सकीं। तकनीकी समस्या दूर होने के बाद एयर ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया गया।
FAA ने इस तकनीकी गड़बड़ी की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संचार व्यवस्था में एक साथ आई इन समस्याओं की पूरी वजह क्या थी।



