
US Visa Revocation 2026: डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन अमेरिका में शरण (Asylum) के लिए आवेदन करने वाले या शरण हासिल करने की प्रक्रिया में शामिल करीब 2 लाख विदेशी नागरिकों के B1 और B2 वीजा रद्द करने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, यदि इस योजना में कोई बदलाव या कानूनी अड़चन नहीं आती है, तो अमेरिकी विदेश विभाग आने वाले हफ्तों में इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकता है। ऐसा हुआ तो एक ही समय में इतनी बड़ी संख्या में वीजा रद्द करने का यह अमेरिकी इतिहास का अभूतपूर्व मामला होगा।
2016 से 2026 के बीच जारी B1 और B2 वीजा निशाने पर
रिपोर्टों और अमेरिकी विदेश विभाग से जुड़े दस्तावेजों के अनुसार, प्रस्तावित कार्रवाई के दायरे में 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए B1 और B2 वीजा शामिल हैं।
विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट के अनुसार, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के साथ मिलकर ऐसे विदेशी नागरिकों की पहचान की जा रही है, जो अमेरिका में अस्थायी विजिटर के तौर पर दाखिल हुए थे, लेकिन बाद में देश में रहने के लिए शरण का आवेदन कर दिया।
वीजा रद्द होने का मतलब तत्काल निर्वासन नहीं
अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वीजा रद्द होने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति को तुरंत अमेरिका से निर्वासित कर दिया जाएगा।
जिन लोगों के शरण संबंधी मामले अदालत में लंबित हैं, वे अपने कानूनी दावे की प्रक्रिया जारी रख सकेंगे। हालांकि, उनका B1 या B2 विजिटर स्टेटस समाप्त हो जाएगा।
यह कदम ट्रंप प्रशासन के दूसरे कार्यकाल में अमेरिकी वीजा और इमिग्रेशन नियमों को और सख्त करने की व्यापक नीति का हिस्सा माना जा रहा है। यदि योजना लागू होती है, तो बड़ी संख्या में ऐसे विदेशी नागरिक प्रभावित हो सकते हैं जिन्होंने अमेरिका में प्रवेश के बाद अपना इमिग्रेशन स्टेटस बदलने की कोशिश की है।



