
Bhuvneshwar Kumar RCB Podcast: टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी अंतरराष्ट्रीय वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब भारतीय टीम में वापसी करना उनकी प्राथमिकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल अपनी जिंदगी से पूरी तरह संतुष्ट हैं और अब सिर्फ क्रिकेट के प्रति अपने जुनून की वजह से खेल रहे हैं।
36 वर्षीय भुवनेश्वर ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2022 के अंत में खेला था। उन्होंने अब तक 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेल चुके इस अनुभवी गेंदबाज का कहना है कि देश का प्रतिनिधित्व करने का उनका सपना पूरा हो चुका है, इसलिए अब खुद को साबित करने का कोई दबाव नहीं है।
पॉडकास्ट में खुलकर रखी अपनी बात
RCB के एक पॉडकास्ट में भुवनेश्वर कुमार ने कहा,
“मैं आईपीएल और घरेलू क्रिकेट इसलिए खेल रहा हूं क्योंकि मुझे क्रिकेट से प्यार है। पहले जब आप युवा होते हैं और भारत के लिए खेलते हैं तो कहते हैं कि आपको खेल से प्यार है, लेकिन अब मैं सच में इसे महसूस करता हूं। मैं भारत के लिए खेल चुका हूं, इसलिए अब मुझे कुछ हासिल करने की मजबूरी नहीं है। अगर दोबारा मौका मिलता है तो यह अच्छी बात होगी, लेकिन अब मैं सिर्फ खेल का आनंद लेने के लिए क्रिकेट खेल रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि वह अनुशासित रहना जानते हैं और यूपी टी-20 लीग व घरेलू क्रिकेट खेलकर खुद को फिट रखते हैं, साथ ही रिकवरी के लिए पर्याप्त ब्रेक भी लेते हैं।
परिवार ने आगे बढ़ने में की मदद
भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के बावजूद उनके मन में कोई कड़वाहट नहीं है और इसका श्रेय उनके परिवार को जाता है।
उन्होंने कहा,
“मैं पूरी तरह शांत हूं और इसका श्रेय मेरे परिवार को जाता है। हमारे घर में कभी क्रिकेट की चर्चा नहीं होती। हम इस बारे में बात नहीं करते कि मैं टीम इंडिया में वापस आऊंगा या नहीं, मेरा चयन क्यों नहीं हुआ या क्या गलत हुआ।”
बदलाव खेल का हिस्सा है
टीम इंडिया से बाहर होने पर उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी को एक दिन इस दौर से गुजरना पड़ता है।
उन्होंने कहा,
“जब आप टीम का हिस्सा होते हैं तो कहते हैं कि टीम पहले है। लेकिन जब आप टीम से बाहर होते हैं तो स्वाभाविक रूप से लगता है कि शायद मुझे अभी भी वहां होना चाहिए। मैं समझता हूं कि बदलाव खेल का हिस्सा है। पीढ़ियां बदलती हैं और यह प्रक्रिया हमेशा चलती रहती है।”
विराट कोहली और रवि शास्त्री को दिया श्रेय
आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 28 विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार ने भारत में तेज गेंदबाजी के विकास का श्रेय आईपीएल के साथ-साथ पूर्व कप्तान विराट कोहली और पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री को दिया।
उन्होंने कहा कि आईपीएल ने कई युवा तेज गेंदबाजों को बड़े मंच पर खुद को साबित करने का मौका दिया। साथ ही विराट कोहली और रवि शास्त्री का विजन भारतीय तेज गेंदबाजी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में बेहद अहम रहा।
मेरठ के दिनों को किया याद
भुवनेश्वर कुमार ने अपने शुरुआती क्रिकेट करियर को याद करते हुए पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार का विशेष उल्लेख किया।
उन्होंने कहा,
“हम दोनों एक ही अकादमी से निकले हैं। जब मैं वहां आया था, तब वह पहले से ही राज्य स्तर पर खेल रहे थे। मेरी गेंदबाजी शैली काफी हद तक उनसे मिलती थी। मैं छोटा था, इसलिए उनसे ज्यादा सवाल पूछने की बजाय उन्हें देखकर सीखता था। मेरे कोच और सीनियर खिलाड़ियों के मार्गदर्शन ने मेरी गेंदबाजी की मजबूत नींव रखी, जिसका फायदा आज भी मिलता है।”



