‘हां, मैं भी दिमागी नक्सल हूं, क्योंकि…’ PM मोदी की टिप्पणी के खिलाफ केजरीवाल भी मैदान में

Arvind Kejriwal News: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘दिमागी नक्सल’ टिप्पणी पर पलटवार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक वीडियो में केजरीवाल ने खुद को ‘दिमागी नक्सल’ बताते हुए कहा कि उन्हें देशभक्त होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि अगर आज शहीद भगत सिंह और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जीवित होते, तो प्रधानमंत्री उन्हें भी ‘दिमागी नक्सल’ कहते।

PM मोदी की टिप्पणी के खिलाफ केजरीवाल का पलटवार

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री की टिप्पणी का संदर्भ देते हुए कहा कि जो लोग सवाल पूछते हैं, बेहतर व्यवस्था चाहते हैं और देश में बदलाव की मांग करते हैं, उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कहा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार से मुक्त बेहतर व्यवस्था, अच्छी सड़कें, अस्पताल और अन्य सुविधाएं चाहते हैं, भाजपा से डरते नहीं हैं और विकसित भारत का सपना देखते हैं, उन्हें भी प्रधानमंत्री की नजर में ‘दिमागी नक्सल’ कहा जा सकता है।

केजरीवाल ने खुद को देशभक्त बताते हुए कहा कि अगर देश के खिलाफ कोई कुछ कहता है, तो वह उसका पूरी ताकत से विरोध करेंगे।

चिदंबरम और महबूबा मुफ्ती भी दे चुके हैं प्रतिक्रिया

केजरीवाल से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने भी प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कहे जाने पर गर्व है।

इसके बाद जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी प्रधानमंत्री की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

PM मोदी के बयान के बाद शुरू हुआ राजनीतिक विवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि सशस्त्र नक्सलवाद का प्रभाव काफी कम हो गया है, लेकिन ‘दिमागी नक्सल’ के रूप में वैचारिक समर्थन देने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें अलग-थलग करने की बात कही थी।

प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी के बाद विपक्षी दलों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने वालों को ‘दिमागी नक्सल’ जैसे शब्दों से निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, भाजपा ने प्रधानमंत्री की टिप्पणी का बचाव करते हुए इसे माओवादी विचारधारा के वैचारिक समर्थकों के संदर्भ में बताया है।