पेपर लीक और महंगे कोचिंग से नाराज Gen-Z को साधने की कोशिश, लाल किले से PM मोदी की बड़ी घोषणा

PM Narendra Modi Announces Free Online Coaching for Competitive Exams: देश के ऐतिहासिक लाल किले से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षा और छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर कोचिंग क्लास के बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूरी तरह मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

‘हम मिडिल क्लास को खर्च से बचाना चाहते हैं’: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में निजी कोचिंग संस्कृति और इससे आम परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कोचिंग क्लास की होड़ मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बहुत बड़ा बोझ बन गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हर माता-पिता को लगता है कि यदि वे अपने बच्चे को कोचिंग क्लास नहीं भेजते हैं, तो उन्हें ‘प्रतिष्ठित’ परिवार नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार उन हजारों करोड़ रुपये के खर्च को लेकर चिंतित है, जो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार कोचिंग पर खर्च करते हैं। सरकार इन परिवारों को इस खर्च से बचाना चाहती है।

युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा

प्रधानमंत्री ने देश की डिजिटल क्षमता और उपलब्ध बेहतरीन शैक्षणिक संसाधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि देश के पास डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ बेहतरीन प्रतिभाएं और शिक्षक भी हैं। इन संसाधनों का लाभ उठाकर देश के युवाओं को मुफ्त कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए एक व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।