
Arunachal Pradesh Flash Flood 5 Army Soldiers Missing: अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं। दिबांग घाटी जिले में अचानक आई भीषण बाढ़ के कारण भारतीय सेना के दो अस्थायी शेल्टर तेज पानी के बहाव में बह गए, जिसमें 5 सैन्यकर्मी लापता हो गए हैं। वहीं, अपर सुबनसिरी जिले में सड़क निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में 4 लोगों की मौत हो गई है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों घटनाएं शुक्रवार शाम हुईं। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के बाद राहत एवं बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
दिबांग घाटी में सेना के शेल्टर बहे
दिबांग घाटी में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ की चपेट में सेना के दो अस्थायी शेल्टर आ गए और तेज पानी के बहाव में बह गए।
हादसे के वक्त वहां मौजूद 7 जवान पानी में बह गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 2 जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 5 जवान अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।
अपर सुबनसिरी में भूस्खलन से 4 लोगों की मौत
दूसरी ओर, अपर सुबनसिरी जिले में केओजारिंग-बयाचिंग सड़क निर्माण स्थल पर बड़ा भूस्खलन हुआ। पहाड़ी का मलबा अचानक सड़क निर्माण में काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिससे 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
राज्य इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, मृतकों की पहचान ताडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली के रूप में हुई है।



