कोलकाता के होटल में देर रात भीषण आग: इलाज के लिए भारत आए 9 बांग्लादेशी नागरिकों की मौत

9 Bangladeshi Nationals Killed, 6 Injured in Massive Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस अग्निकांड में 9 बांग्लादेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों समेत प्रभावित लोग इलाज के लिए कोलकाता आए थे और इसी होटल में ठहरे हुए थे।

देर रात 2 बजे भड़की आग

फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, होटल में आग मंगलवार देर रात करीब 2 बजे लगी। आग लगते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रात करीब 2 बजे जब ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुएं का गुबार पूरी इमारत में फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने के बाद 4 फायर टेंडर और आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

6 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जांच शुरू

हादसे में झुलसे 6 लोगों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

घटनास्थल से सामने आई जानकारी के अनुसार, जिस होटल में आग लगी, वह घनी आबादी वाले इलाके में स्थित एक पुरानी इमारत में संचालित हो रहा था। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आग के कारणों का पता लगाने के लिए होटल परिसर का तकनीकी निरीक्षण भी किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल में 2 दिन में दूसरा बड़ा अग्निकांड

कोलकाता की यह दुखद घटना पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हुए अग्निकांड के महज दो दिन बाद सामने आई है।

तारापीठ अग्निकांड — 17 अगस्त

तारापीठ मंदिर के पास पवित्र कुंड के निकट स्थित पांच मंजिला ‘होटल बिदेशिनी’ के ग्राउंड फ्लोर पर 17 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे आग लगी थी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे।

राज्य में महज 48 घंटे के भीतर दो बड़े होटल अग्निकांड सामने आने के बाद होटल परिसरों में फायर सेफ्टी व्यवस्था और इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।