
IndiGo Flight 6E 2102 Emergency Landing: गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी खराबी सामने आने से हड़कंप मच गया। फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा के मोपा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में खराबी का पता चला, जिसके बाद पायलट ने तुरंत विमान को वापस गोवा ले जाने का फैसला किया।
पायलट ने ATC को दी सूचना, एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी
इंजन में तकनीकी समस्या की जानकारी मिलते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करीब 9:30 बजे मोपा एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई।
इसके बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और सुरक्षा कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया।
विमान को वापस गोवा लाया गया, सुरक्षित हुई लैंडिंग
तकनीकी खराबी सामने आने के बाद पायलट ने विमान को वापस मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। विमान ने रनवे पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की।
विमान के सुरक्षित उतरते ही उसमें सवार यात्रियों और क्रू सदस्यों ने राहत की सांस ली। पायलट की समय पर कार्रवाई से किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति टल गई।
इंजन में खराबी की जांच शुरू
फिलहाल विमान में कितने यात्री सवार थे और इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। IndiGo और संबंधित एविएशन अधिकारियों की तकनीकी टीम घटना की जांच कर रही है।
विमान की तकनीकी जांच के साथ यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंजन में खराबी किस वजह से आई। यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था किए जाने की जानकारी है।



