IIM अहमदाबाद में 398 छात्रों का प्लेसमेंट, सिर्फ 6 को मिला इंटरनेशनल जॉब ऑफर; 386 ने भारत में बनाई करियर की राह

IIM Ahmedabad Placement Report: देश के प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थानों में शुमार IIM अहमदाबाद के फाइनल प्लेसमेंट का ताजा आंकड़ा सामने आया है। इस साल प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल 398 छात्रों में से सिर्फ 6 छात्रों को इंटरनेशनल प्लेसमेंट मिला, जबकि 386 छात्रों की भारत में ही विभिन्न कंपनियों में नियुक्ति हुई। वहीं, 2 छात्रों ने नौकरी के बजाय अपना बिजनेस शुरू करने का विकल्प चुना।

398 छात्रों ने प्लेसमेंट में लिया हिस्सा

फाइनल प्लेसमेंट के लिए इस साल कुल 402 छात्र पात्र थे। इनमें 385 इस वर्ष के पासआउट छात्र, पिछले वर्ष का एक छात्र और डुअल डिग्री प्रोग्राम के 6 छात्र शामिल थे। इनमें से कुल 398 छात्रों ने संस्थान के जरिए प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लिया, जबकि 10 छात्रों ने प्लेसमेंट की मांग नहीं की।

दुबई, हॉन्गकॉन्ग और जापान में मिली नौकरी

प्लेसमेंट रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 392 छात्रों को नौकरी मिली। इनमें से 386 छात्रों को भारत में और सिर्फ 6 छात्रों को विदेश में नौकरी मिली।

इंटरनेशनल प्लेसमेंट पाने वाले 6 छात्रों में से 4 को दुबई, 1 को हॉन्गकॉन्ग और 1 छात्र को जापान में नौकरी मिली।

हालांकि, पिछले साल की तुलना में इंटरनेशनल प्लेसमेंट पाने वाले छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल 2 छात्रों को विदेश में प्लेसमेंट मिला था, जबकि इस साल यह संख्या बढ़कर 6 हो गई।

भारत में औसत पैकेज ₹28.82 लाख

भारत में प्लेसमेंट पाने वाले 386 छात्रों का औसत सालाना पैकेज ₹28.82 लाख रहा। इस साल घरेलू प्लेसमेंट में सबसे अधिक पैकेज ₹81.60 लाख और सबसे कम पैकेज ₹12 लाख दर्ज किया गया।

पिछले साल घरेलू प्लेसमेंट में सबसे अधिक पैकेज ₹65 लाख, न्यूनतम ₹15.99 लाख और औसत पैकेज ₹25.31 लाख था। इस लिहाज से इस साल औसत और अधिकतम पैकेज दोनों में बढ़ोतरी देखने को मिली है।

इंटरनेशनल प्लेसमेंट में $67,500 तक पहुंचा पैकेज

विदेशी प्लेसमेंट की बात करें तो छात्रों को न्यूनतम 40,016 अमेरिकी डॉलर, अधिकतम 67,500 अमेरिकी डॉलर और औसतन 55,227 अमेरिकी डॉलर का पैकेज मिला।

कंसल्टिंग और बैंकिंग में सबसे ज्यादा नौकरियां

IIM अहमदाबाद के छात्रों के लिए कंसल्टिंग सेक्टर सबसे बड़ा भर्ती क्षेत्र रहा। कुल 155 छात्रों को कंसल्टिंग कंपनियों में नौकरी मिली।

इसके बाद बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर में 81, आईटी कंपनियों में 33 और फार्मा-हेल्थकेयर क्षेत्र में 13 छात्रों का चयन हुआ।

सिर्फ 2 छात्रों ने चुना अपना बिजनेस

इस साल नौकरी के बजाय उद्यमिता यानी अपना स्टार्टअप या बिजनेस शुरू करने का विकल्प चुनने वाले छात्रों की संख्या काफी कम रही। कुल 2 छात्रों ने एंटरप्रेन्योरशिप को करियर विकल्प बनाया। दोनों छात्रों ने IIM अहमदाबाद की फेलोशिप के तहत अपने वेंचर पर काम जारी रखने का फैसला किया।