
CJI Surya Kant: मुंबई स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) के 86वें दीक्षांत समारोह में अब भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल नहीं होंगे। संस्थान ने अंतिम समय में मुख्य अतिथि के नाम में बदलाव किया है। अब टाटा मेमोरियल अस्पताल के निदेशक डॉ. सी.एस. प्रमेश दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह समारोह 22 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा।
पहले 2 अगस्त को होने वाला कार्यक्रम अचानक स्थगित किया गया था
TISS का 86वां दीक्षांत समारोह पहले 2 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाला था। इस कार्यक्रम में CJI सूर्यकांत को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, जबकि बॉम्बे हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रवींद्र घुगे को विशेष अतिथि बनाया गया था।
हालांकि, कार्यक्रम से केवल करीब 48 घंटे पहले TISS ने ईमेल के जरिए दीक्षांत समारोह स्थगित किए जाने की जानकारी दी थी। इसके पीछे संस्थान ने ‘अप्रत्याशित परिस्थितियों’ को कारण बताया था।
विरोध की आशंका के चलते टाला गया समारोह
कैंपस से जुड़े सूत्रों के अनुसार, TISS प्रशासन को दीक्षांत समारोह के दौरान विरोध प्रदर्शन या किसी अन्य तरह की बाधा उत्पन्न होने की आशंका थी।
रिपोर्टों के मुताबिक, जस्टिस सूर्यकांत की बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई ‘कॉकरोच’ वाली टिप्पणी को हाल के बड़े छात्र विरोध प्रदर्शनों से जोड़कर देखा जा रहा था।
अब दीक्षांत समारोह शनिवार, 22 अगस्त को मुंबई के देवनार स्थित संस्थान के नौरोजी कैंपस में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के TISS कैंपस से स्नातक होने वाले छात्र शामिल होंगे।
CJI सूर्यकांत को लेकर देशभर में चर्चा
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में CJI सूर्यकांत को आमंत्रित किए जाने को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है।
इससे पहले हैदराबाद स्थित NALSAR यूनिवर्सिटी में 2026 बैच के 450 से अधिक छात्रों ने CJI सूर्यकांत को मुख्य अतिथि बनाए जाने का विरोध किया था।
NALSAR मामले के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की कार्रवाई और उसके निर्णयों में हुए बदलावों को लेकर भी विवाद सामने आया था।



