IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट के आरोप, कलकत्ता हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी के दिए निर्देश

Abhishek Porel Case: आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज और बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल से जुड़े आपराधिक मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने अहम आदेश जारी किया है। एक मेडिकल छात्रा की शिकायत पर दर्ज मामले में अदालत ने अभिषेक पोरेल और एक अन्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पोरेल के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और आपराधिक धमकी सहित गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप

पीड़िता और उसकी मां द्वारा हुगली जिले के मोगरा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दोनों पिछले तीन वर्षों से रिश्ते में थे

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। विरोध करने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

अभिषेक पोरेल ने आरोपों को बताया झूठा

फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।

उन्होंने कहा, “मैं इस समय अच्छा क्रिकेट खेल रहा हूं, इसलिए मुझे बदनाम करने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद मैं इस मामले पर विस्तार से प्रतिक्रिया दूंगा।”

कौन हैं अभिषेक पोरेल?

23 वर्षीय अभिषेक पोरेल बाएं हाथ के बल्लेबाज और विकेटकीपर हैं। वह 2023 से आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं।

इसके अलावा वह इंडिया-ए टीम के साथ यूके और ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी कर चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने बंगाल की ओर से 32 प्रथम श्रेणी (First-Class) और 23 लिस्ट-ए मुकाबले खेले हैं।

मामले की जांच जारी

मामले की जांच जारी है। अदालत के निर्देश के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

गौरतलब है कि यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं और इनकी अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।