
Ram Mandir CEO Jitendra Mishra: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने नए चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। ट्रस्ट के नए CEO के रूप में सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को चुना गया है। वह जल्द ही राम मंदिर प्रशासन से जुड़ी प्रमुख जिम्मेदारियां संभाल सकते हैं।
ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों की नियुक्ति
CEO की घोषणा से पहले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों को शामिल किया गया। इनमें अयोध्या से मदन मोहन पांडे, दिल्ली से महेश भागचंदका और शिकोहाबाद से निर्मला यादव शामिल हैं।
तीन नए सदस्यों की नियुक्ति के बाद ट्रस्ट की संरचना में भी बदलाव हुआ है। इन सदस्यों ने ट्रस्ट की बैठक में ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लिया।
तीन पद खाली होने के बाद हुआ बदलाव
ट्रस्ट में तीन पद खाली होने के बाद नए सदस्यों की नियुक्ति की गई। बताया गया है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे तथा विमलेंद्र मोहन के निधन के बाद ये पद रिक्त हुए थे।
नए ट्रस्टियों में महेश भागचंदका का संबंध अशोक सिंघल से बताया गया है। वहीं, मदन मोहन पांडे हाईकोर्ट में मंदिर पक्ष की ओर से वकील के तौर पर पैरवी कर चुके हैं।
जितेंद्र मिश्रा होंगे मंदिर ट्रस्ट के नए CEO
बुधवार को ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें नए CEO के चयन पर चर्चा की गई। बैठक में रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम को मंजूरी दी गई।
CEO की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर के विस्तार, प्रशासन, श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और मंदिर से जुड़े विभिन्न कार्यों के संचालन में CEO की भूमिका अहम होगी।
ट्रस्ट के नियमों में भी होगा बड़ा बदलाव
बैठक में केवल CEO की नियुक्ति ही नहीं, बल्कि ट्रस्ट के डीड यानी संविधान/नियमों में संशोधन को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले किए जा रहे हैं।
5 फरवरी 2020 को ट्रस्ट के गठन के बाद पहली बार इसके नियमों में इस तरह के महत्वपूर्ण बदलाव किए जाने की बात सामने आई है।
CEO पद के लिए आईं 5,585 अर्जियां
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद को लेकर देशभर में काफी रुचि देखने को मिली। इस पद के लिए कुल 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे।
इसके बाद रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी ने चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई। कमेटी ने 16 उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए और उनमें से अंतिम तीन नामों का चयन किया।
इन तीन नामों की सूची बंद लिफाफे में ट्रस्ट के अध्यक्ष को सौंपी गई थी। अब ट्रस्ट ने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम को अंतिम मंजूरी दे दी है।



