
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने सॉफ्ट टेनिस और वेटलिफ्टिंग समेत कई स्पर्धाओं में नए पदक अपने नाम किए हैं। जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला एशियन गेम्स पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जबकि स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया।
मीराबाई चानू ने कुल 198 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम का प्रदर्शन किया। उत्तर कोरिया की री सोंग गुम ने 215 किलोग्राम के कुल वजन के साथ स्वर्ण पदक जीता।
जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में रचा इतिहास
भारत के युवा खिलाड़ी जय मीणा ने पुरुष एकल के सेमीफाइनल में पहुंचकर एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस का भारत के लिए पहला पदक सुनिश्चित किया था। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने फिलीपींस के शेरविन नुगिट को कड़े मुकाबले में 4-3 से हराया था।
सेमीफाइनल में जापान के ताकुया कुरोसाका से हार के बाद जय मीणा को कांस्य पदक मिला। इस तरह भारत ने एशियन गेम्स के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस का अपना पहला पदक हासिल किया।
भारत के पदकों की सूची
एशियन गेम्स 2026 में अब तक भारत के खाते में 11 पदक आ चुके हैं। इनमें शूटिंग, क्रिकेट, MMA, सॉफ्ट टेनिस, स्कीट और वेटलिफ्टिंग में पदक शामिल हैं।
- महिला क्रिकेट टीम — स्वर्ण पदक
- इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदरशा विनोद — महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम, रजत
- इलावेनिल वलारिवन — महिला 10 मीटर एयर राइफल, रजत
- रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ राकेश माने — पुरुष 10 मीटर एयर राइफल टीम, रजत
- हिमांशु ढिल्लों — पुरुष 10 मीटर एयर राइफल, रजत
- रुद्रांक्ष पाटिल — पुरुष 10 मीटर एयर राइफल, कांस्य
- सुचिका तारियाल — महिला 60 किग्रा MMA, कांस्य
- रायजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान और परिनाज धालीवाल — महिला स्कीट टीम, कांस्य
- अनंतजीत सिंह नरूका, मैराज अहमद खान और भावतेज सिंह गिल — पुरुष स्कीट टीम, कांस्य
- जय मीणा — सॉफ्ट टेनिस पुरुष एकल, कांस्य
- मीराबाई चानू — महिला 49 किग्रा वेटलिफ्टिंग, रजत
इस तरह भारतीय दल ने अलग-अलग खेलों में अपनी पदक यात्रा को आगे बढ़ाया है और प्रतियोगिता अभी जारी है।



